पटना के किला हाउस में गोलीबारी: आधा दर्जन जख्मी, 19 पर नामजद FIR; 40 साल पुराना है जालान परिवार का विवाद

0
102


  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Firing Several Rounds After A Dispute In Jalan Family In Patna City, One Man Seriously Injured, Firing In Patna City, Crime In Patna

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

पटना9 घंटे पहले

गोली चलाता शख्स।

  • संपत्ति विवाद को लेकर हुई घटना
  • किराना दुकानदार सहित आधा दर्जन लोग जख्मी

पटना सिटी का ऐतिहासिक किला हाउस शुक्रवार को फायरिंग की आवाज से गूंज उठा। किला हाउस में मारपीट भी हुई। यह सब पटना सिटी के मशहूर जालान परिवार में संपत्ति विवाद को लेकर हुआ। इसमें राजीव कुमार नामक किराना दुकानदार सहित आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। शुरू में पुलिस ने मारपीट की बात तो स्वीकार की लेकिन गोलीबारी से इंकार करती रही। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद घटना स्वीकार की गई।

फायरिंग करते हुए शख्स का वीडियो आया सामने

मामले में फायरिंग करते हुए एक शख्स का वीडियो सामने आया। इसमें वह हाथों में पिस्टल लिए हुए दिख रहा था। कमरे से निकलकर फायरिंग करता है, फिर कमरे में चला जाता है। गोली लगने से राजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वीडियो में परिवार के कुछ सदस्य कह रहे हैं कि जालान परिवार के आदित्य जैन और निखिल जैन ने मिलकर गोली मारी है। लोग राजीव को हॉस्पिटल ले जाने के लिए चिल्ला रहे हैं। किसी तरह राजीव को परिवार के कुछ सदस्यों ने गाड़ी में बिठाया, फिर हॉस्पिटल लेकर गए।

मुन्ना जालान ने चलाई थी गोली, पिस्टल और गोली बरामद

सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार का कहना है कि गोली मुन्ना जालान ने चलाई थी। घटना में प्रयुक्त पिस्टल और गोली बरामद कर लिया गया है। CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस जांच कर रही है, जो भी मामले सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुन्ना जालान खुद भी घायल हैं, उन्हें NMCH में भर्ती कराया गया है। सिटी एसपी का कहना है कि पुलिस इस मामले में सीसीटीवी के फुटेज के साथ अन्य साक्ष्य को इकट्ठा करने में जुटी है।

दोनों पक्षों के 19 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

फायरिंग की घटना के बाद दोनों पक्षों की तरफ से 19 लोगों को नामजद किया गया है। चौक थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि एक व्यक्ति को गोली लगी है जबकि एक का सिर फटा है। आधा दर्जन लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस इस मामले में बहुत कुछ छिपा रही है। किसे हिरासत में लिया गया है, यह नहीं बताया जा रहा है।

क्या है ताजा विवाद

दो दिन पूर्व ही किला हाउस के म्यूजियम का ताला तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें हीरा कारोबारी रवि जालान के मैनेजर ने बिजली विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया था। FIR के लिए थाने में मैनेजर राजीव कुमार ने जो आवेदन दिया है, उसमें दो करोड़ रुपए की चोरी का आरोप लगाया गया है। इसमें करीब आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिजली विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारी किला हाउस में आए थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे को फंसाने की बात कर रहा है। 6 माह पहले भी रवि जालान व मनोहर जालान के बीच मारपीट हुई थी। इसको लेकर दोनों पक्षों ने थाने में FIR दर्ज कराई थी।

40 साल पुराना है 500 करोड़ की प्रापर्टी का विवाद

बताया जाता है कि किला हाउस का विवाद लगभग 40 साल पुराना है। मामला लगभग 500 करोड़ की प्रापर्टी का है। एक पक्ष से बाल मनोहर जालान और उनके बेटे आदित्य जालान हैं तो दूसरे पक्ष से बाल मनोहर जालान के भतीजे हरीश और रवि जालान हैं। हरीश और रवि दोनों भाई हैं। दोनों पक्षों में हर साल विवाद होता है। इस आपसी लड़ाई में हर बार कर्मचारी ही घायल होते हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि साल में दो बार विवाद हो जाता है। अगस्त माह में भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, इस घटना में भी गोली कांड की बात सामने आई थी लेकिन पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ था। अक्सर विवाद में मामला दर्ज नहीं होता है। कर्मचारी घायल होते हैं और उनका निजी अस्पताल में इलाज करा दिया जाता है।

आसपास के लोगों का कहना है कि इस बार भी कोई फेमिली मेम्बर घायल नहीं हुआ है। शुक्रवार को हुई फायरिंग में भी रवि जालान के मैनेजर का दोस्त राजीव गोली लगने से घायल हुआ है। हालांकि बाल मनोहर के बेटे और उनके पक्ष की तरफ से बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हुई घटना में मुन्ना जालान भी घायल हुए हैं।

ऐतिहासिक है किला हाउस, इसमें देश का दूसरा सबसे बड़ा निजी संग्रहालय

पटना सिटी में चौक थाना से आधा किमी पूरब गंगा के किनारे शेरशाह के पुराने किले के अवशेष पर निर्मित स्वर्गीय दिवान बहादुर राधा कृष्ण जालान का संग्रहालय है। यह स्थान किला हाउस के नाम से विख्यात है, जिसमें देश विदेश की अद्भुत ऐतिहासिक एवं कलात्मक सामग्रियां संग्रहित हैं। यहां तिब्बती, संस्कृत और अंग्रेजी की दुर्लभ पुस्तकों के अतिरिक्त विभिन्न प्राचीन शैलियों के चित्र भी संग्रहित हैं।

बताया जाता है कि शेरशाह ने लगभग सन 1541 में पांच लाख रुपए के खर्च पर इस किले का निर्माण कराया था। बहुत दिनों तक यह बिहार के सूबेदारों का आवास भी रहा है। पुराना किला ध्वस्त हो जाने के बाद यह समतल मैदान हो गया। जहां सार्वजनिक सभाएं हुआ करती थीं। पटना आने पर सन 1971 में महात्मा गांधी ने पहली सार्वजनिक सभा को इसी किला मैदान में संबोधित किया था। बाद में श्री राधाकृष्ण जालान ने इसी पुराने किले के पोश्ते पर अपना आवासीय भवन तथा संग्रहालय का निर्माण कराया जो आज जालान संग्रहालय के नाम से प्रसिद्ध है। हैदराबाद के सलारगंज संग्रहालय के बाद यह देश का दूसरा सबसे समृद्ध व्यक्तिगत संग्रहालय है।



Source link