बेगूसराय23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बेगूसराय में युवक की हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
बेगूसराय में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में स्थानीय लोगों व परिजनों ने पत्नी को ही आरोपित किया। घटना नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड नंबर 36 की है। मृतक की पहचान पोखरिया वार्ड नं. 36 के निवासी स्व. श्यामसुंदर पासवान का 32 वर्षीय बेटा सुशांत कुमार पासवान उर्फ पिंटू कुमार पासवान के रूप में की गई। बताया जाता है कि मृतक पिंटू कुमार अपने घर में अकेले रहता था। बुधवार की सुबह देर होने के बाद भी जब घर से नहीं निकला तो लोगों ने अनहोनी की आशंका हुई। किराएदार उसे जगाने के लिए गया तो वह नहीं जगा। इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई। मौके पर जब परिजन पहुंचे तो घर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
मृतक पिंटू कुमार पासवान की पत्नी ने बताया कि उन्हें फोन से सूचना मिली कि पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसने बताया कि जब वह अपने रूम में पहुंची तो उसका पति बेड पर खून से लथपथ पड़ा था। बताते चलें कि दोनों पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने पत्नी पर ही हत्या करवाने का आरोप लगाया है। आक्रोशित भीड़ पत्नी की पिटाई करने पर उतारू है। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुटी। पुलिस लोगों को समझाने बुझाने में जुटी है। वहीं, घटनास्थल से 3 खोखा भी पुलिस ने बरामद किया। फिलहाल नगर थाने के पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही है।
मृतक के भाई सरोज कुमार ने आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने ही भाई की गोली मारकर हत्या करवा दी। कुछ दिन पहले मां से ₹50 हजार लेकर भाभी आई थी। उन्होंने कहा कि भाई के साथ अच्छे ढंग से बर्ताव नहीं करती थी। लगातार प्रताड़ित भी करती थीं। आखिरकार भाई की हत्या उन्होंने करवा दी। वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि पत्नी का किसी से अवैध संबंध था। इसी वजह से पति की हत्या करवा दी। वहीं, इस हत्या के बाद लोगों में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।