पटना में अपराधियों का तांडव: बेवजह फायरिंग करने से रोका तो सिटी में नाश्ता कर रहे युवक की कर दी हत्या, जक्कनपुर में नहर के पास खड़े अपराधी को ही मारी 2 गोली

0
80


पटना3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जक्कनपुर में छानबीन करने पहुंची पुलिस।

सोमवार की सुबह से शाम तक पटना शांत था। लेकिन, उसके बाद अपराधियों ने तांडव मचा दिया। पटना सिटी में नाश्ता कर रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी तो दूसरी तरफ पटना के ही जक्कनपुर इलाके में नहर के पास खड़े एक अपराधी को टारगेट कर जमकर गोलियां बरसाई गई। जिसमें उसे दो गोली लगी है। हत्या की वारदात को पटना सिटी के चौक थाना के तहत धवलपुरा पुलिस चौकी से महज 50 गज की दूरी पर स्थित बेगमपुर उप डाकघर के सामने अंजाम दिया गया। रात लगभग करीब 8 बजे झोपड़ी वाली दुकान में 30 साल का एक युवक नाश्ता कर रहा था। उसी दौरान वहां पहुंचे अपराधियों ने उसे पेट में गोली मार दी। जिसमें वो युवक घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए उसे PMCH में एडमिट कराया। लेकिन, वहां पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।

वारदात स्थल के पास मौजूद लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। इसके बाद पता चला कि बेगमपुर उप डाकघर के सामने झोपड़ी वाली दुकान के आसपास नशेड़ी नशा कर रहे थे। इसी दौरान एक नशेड़ी ने फायरिंग किया। तभी नाश्ता कर रहे युवक ने फायरिंग करने वाले से कहा कि क्यों बेवजह फायरिंग कर रहे हो? इसी बात पर नशेड़ी युवक ने नाश्ता कर रहे युवक के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल युवक ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाने की कोशिश की। मगर, वह एक मंदिर के पास पहुंचते ही गिर पड़ा। फिलहाल, उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

दो बाइक से आए तीन अपराधियों ने बरसाई गोली
दूसरी वारदात पटना के जक्कनपुर थाना के बी एरिया इलाके की है। अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की है। कुल 4 से 5 राउंड गोली अपराधियों ने चलाई है। इसमें दो गोली रौशन कुमार नाम के युवक को लगी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर है। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरूआती पड़ताल के बाद पता चला कि रौशन नाम के जिस युवक को अपराधियों ने गोली मारी है, वो भी पुराना अपराधी है। जक्कनपुर और फुलवारी शरीफ थाना से क्राइम के अलग-अलग मामलों में वो जेल जा चुका है।

आज देर शाम को रौशन बी एरिया में नहर के पास खड़ा था। उसी दौरान दो बाइक से तीन अपराधी आए। उन्होंने अपने पास से पिस्टल निकाला और रौशन को टारगेट करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर वारदात स्थल के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच बाइक से आए अपराधी भी अपने टारगेट को पूरा कर फरार हो गए। सिटी SP ईस्ट जितेंद्र कुमार के अनुसार रौशन अपराधी रहा है। उसे अपराधियों ने गोली क्यों मारी? इस बारे में अभी पता नहीं चला है। वारदात को अंजाम देने वाले तीनों अपराधी कौन थे? किसके इशारे पर इस कांड को अंजाम दिया? इस बारे में पड़ताल की जा रही है।

खबरें और भी हैं…



Source link