पटना6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गिरफ्तार शातिर और बरामद 24 ATM कार्ड।
पटना में दीघा थाना की पुलिस ने एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया है, जो अक्सर ATM के चक्कर लगाता रहता था। अपने निशाने पर ATM इस्तेमाल करने वाले वैसे लोगों रखता था जो कम पढ़े-लिखे और कैश निकालने की जानकारी सही तरीके से नहीं होती थी। ऐसे लोगों को यह शातिर अपना शिकार बनाता था। मदद करने के बहाने पहले उनका पिन कोड देख लेता था। फिर चालबाजी कर वैसे लोगों का ATM कार्ड ही बदल देता था। ऑरिजिनल कार्ड अपने पास रख लेता था। इसके बाद दूसरे जगह जाकर ATM से पहले बैलेंस चेक करता था और उसके बाद अकाउंट से सारे रुपयों की निकासी कर लेता था। फिर ATM कार्ड का इस्तेमाल वो अगला शिकार करने में करता था।
पकड़े गए इस शातिर का नाम लाल मोहन प्रसाद है। 30 साल के इस शातिर को दीघा थाना की पुलिस ने कुर्जी मोड़ के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM के बाहर से गिरफ्तार किया। यह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना के तहत रघुनाथपुर का रहने वाला है। पर पटना में दीघा के ही रामजीचक इलाके में गुरु चोला के घर में किराए पर रहता है। थानेदार राजकुमार पांडेय के अनुसार इसके बारे में उन्हें शिकायत मिली थी। तब से इसकी पहचान और पड़ताल में उनकी टीम जुटी थी।
पकड़े जाने के बाद इसके घर पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। वहां से अलग-अलग बैंकों के कुल 24 ATM कार्ड और 42 हजार हजार रुपए कैश बरामद किए गए। पुलिस ने इस शातिर से लंबी पूछताछ की है। इसने कब और कहां के ATM में इस तरह की चालबाजी की? इसके बारे में उससे पूछा गया। पुलिस के अनुसार लाल मोहन काफी टाइम से यह शातिराना खेल खेलता आ रहा है। FIR दर्ज कर इसे जेल भेज दिया गया है।